भारतीय सेना के दफेदार जगदीश वैष्णव का नागरिक अभिनंदन 4 अप्रैल को
गाडरवारा में होगा भव्य सम्मान समारोह, शहर के सभी संगठन करेंगे सहभागिता

गाडरवारा। शहर की पावन भूमि जगदीश वार्ड में जन्मे भारतीय सेना के दफेदार जगदीश वैष्णव के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में 4 अप्रैल को नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर शहर की समस्त सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं मिलकर उनका आत्मीय सम्मान करेंगी।
कारगिल युद्ध से प्रेरित होकर सेना में हुए थे भर्ती
जगदीश वैष्णव ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध से प्रेरित होकर देश सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने बिना पिता को बताए केवल माता को सूचित कर जबलपुर भर्ती केंद्र पहुंचकर सेना में शामिल होने का निर्णय लिया। वर्ष 2002 में चयन के बाद महाराष्ट्र के अहमदनगर में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
24 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा
भारतीय सेना में अपने 24 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने देश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सेवाएं दीं, जिनमें पंजाब के अंबाला कैंट, राजस्थान के सूरतगढ़, आंध्रप्रदेश के हैदराबाद-सिकंदराबाद, महाराष्ट्र के अहमदनगर, हरियाणा के हिसार, जम्मू-कश्मीर के अखनूर, उत्तर प्रदेश के बबीना तथा राजस्थान के जैसलमेर (ऑपरेशन सिंदूर) शामिल हैं।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई सम्मान भी प्राप्त हुए, जिससे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ।
4 अप्रैल को होगा भव्य समारोह
दफेदार जगदीश वैष्णव के सम्मान में 4 अप्रैल (शनिवार) को रात्रि 7 बजे से अपना पैलेस, गाडरवारा में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
ये होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, पूर्व विधायक साधना स्थापक, वरिष्ठ पत्रकार अरुण सक्सेना, जिला संयोजक ब्राह्मण महासभा नागेंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार कुशलेंद्र श्रीवास्तव करेंगे।
नागरिकों से की गई अपील
इस कार्यक्रम का आयोजन साईं श्रद्धा सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। समिति के संस्थापक आशीष राय एवं अध्यक्ष प्रदीप ब्रिजपुरिया ने शहर के गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।







