सालीचौका रेलवे फाटक पर डेढ़ घंटे थमा यातायात, परीक्षा देने जा रहे छात्र और मरीज जाम में फंसे
नरसिंहपुर जिले के सालीचौका रेलवे फाटक पर डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। परीक्षा देने जा रहे छात्र, एम्बुलेंस और व्यापारी जाम में फंसे। ओवरब्रिज निर्माण शुरू न होने से लोगों में नाराजगी।

संवाददाता अवधेश चौकसे | सालीचौका (जिला नरसिंहपुर )
सालीचौका में बुधवार दोपहर एक बार फिर रेलवे फाटक पर लंबा जाम लग गया। दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक फाटक बंद रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे तक आमजन, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और मरीज जाम में फंसे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान दर्जनों दोपहिया-चारपहिया वाहन, स्कूल वैन, मालवाहक ट्रक और निजी कारें रुकी रहीं। कई लोग जरूरी कार्यों से नरसिंहपुर गाडरवारा और आसपास के क्षेत्रों की ओर जा रहे थे, लेकिन फाटक बंद होने से उन्हें बीच रास्ते में इंतजार करना पड़ा।
परीक्षा देने जा रहे बच्चों की बढ़ी चिंता
सबसे अधिक परेशानी उन छात्र-छात्राओं को हुई, जो परीक्षा देने अपने केंद्रों की ओर जा रहे थे। अभिभावकों ने बताया कि समय पर पहुंचने को लेकर बच्चों में घबराहट थी। कुछ अभिभावकों ने सवाल उठाया कि यदि किसी छात्र का पेपर छूट जाता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
जाम के कारण कई छात्रों को वैकल्पिक मार्ग तलाशना पड़ा।
मरीजों को भी उठानी पड़ी परेशानी
जाम के दौरान एक एम्बुलेंस सहित कई निजी वाहन भी फंसे रहे। स्थानीय नागरिकों के अनुसार कुछ मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हुई। तेज धूप और गर्मी के बीच छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सड़क किनारे खड़े रहने को मजबूर रहे।
ओवरब्रिज स्वीकृत, लेकिन काम शुरू नहीं
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति वर्षों पहले मिल चुकी है। बजट और प्रस्तावों की चर्चा भी कई बार हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर चुनाव में यह मुद्दा उठता है, पर बाद में ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
व्यापार और दैनिक जीवन प्रभावित
फाटक लंबे समय तक बंद रहने से स्थानीय व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही बाधित होने से बिक्री प्रभावित होती है। ग्रामीणों के लिए यह प्रमुख आवागमन मार्ग है, ऐसे में बार-बार जाम लगना दैनिक जीवन को अस्त-व्यस्त कर देता है।
स्थायी समाधान की मांग
क्षेत्रवासियों ने रेलवे और प्रशासन से मांग की है कि फाटक बंद रहने की अवधि को व्यवस्थित किया जाए या शीघ्र ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
सालीचौका की जनता अब यह जानना चाहती है कि आखिर कब तक उन्हें जाम और असुविधा झेलनी पड़ेगी और इस समस्या का स्थायी समाधान कब मिलेगा।







