551 मीटर लंबी नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा भव्यता के साथ निकली,10 किलोमीटर तक फैला विशाल भक्तों का काफिला, ढोल-नगाड़ों व डीजे पर झूमे श्रद्धालु
शिव तांडव नृत्य रहा आकर्षण, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

अवधेश चौकसे | सालीचौका, नरसिंहपुर। नर्मदा प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर 25 जनवरी को सालीचौका में 551 मीटर लंबी नर्मदा चुनरी मनोरथ यात्रा अत्यंत भव्यता एवं दिव्यता के साथ संपन्न हुई। यह यात्रा श्रीदेव राधाकृष्ण मंदिर स्थित नर्मदा मंदिर से प्रारंभ होकर लगभग 10 किलोमीटर लंबे विशाल भक्तों के काफिले के साथ नर्मदा तट झीकोली तक पहुंची।
इस भव्य आयोजन का संयोजन पूर्व विधायक सुरेश कुमार राय के पुत्र मनीष राय (छोटू भैया) द्वारा किया गया। यात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं पुरुष—सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। चलित झांकियां, ढोल-नगाड़े, डीजे की धुनों पर थिरकते भक्त और आकर्षक शिव तांडव नृत्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
नगर भ्रमण के दौरान हुआ जगह-जगह भव्य स्वागत
यात्रा सालीचौका नगर भ्रमण करते हुए गुड बाजार चौराहा, बस स्टैंड, आनंद पेट्रोल पंप, ग्राम आमढाना, सांवरी तिराहा, पोडार चौराहा शिव मंदिर, खमरिया पिठवानी आदि स्थानों से होती हुई साईंखेड़ा पहुंची। यहां दादा धूनी दरबार में पूजन-अर्चन के उपरांत यात्रा नर्मदा घाट झीकोली पहुंची।
रात्रि में सोमेश परसाई के सानिध्य में भव्य नर्मदा महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
नर्मदा संरक्षण का दिया गया संदेश
इस अवसर पर नर्मदा भक्तों ने मां नर्मदा के प्रति आस्था और प्रेम व्यक्त करते हुए नदी संरक्षण, स्वच्छता और अविरल प्रवाह बनाए रखने का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने संकल्प लिया कि मां नर्मदा की कृपा बनी रहे, इसके लिए सभी मिलकर निरंतर प्रयास करेंगे, जिससे कृषि, उद्योग, व्यापार, पेयजल एवं जनजीवन समृद्ध बना रहे।
अंजुमन इस्मालमियां कमेटी ने किया भव्य स्वागत
नर्मदा जयंती के अवसर पर आयोजित इस यात्रा में अंजुमन इस्मालमियां कमेटी, जामा मस्जिद के मुस्लिम भाइयों द्वारा मनीष राय एवं नर्मदा भक्त मंडल का शाल, श्रीफल एवं तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। इस स्वागत ने कौमी एकता और आपसी सद्भाव का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मनीष राय परिवार, मनीष राय फैन्स क्लब एवं नर्मदा भक्तों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन एवं नगर परिषद का सहयोग सराहनीय रहा।







