मध्य प्रदेशराजनीति

गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, तिरंगे के साए में एकता का संदेश

जिला अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय के नेतृत्व में नर्मदापुरम कांग्रेस कार्यालय में गरिमामय ध्वजारोहण

नर्मदापुरम। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नर्मदापुरम जिला कांग्रेस परिवार द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में भव्य एवं गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति कांग्रेस की अटूट प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेषित संदेश का वाचन किया। इसके पश्चात जिला अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय ने कांग्रेस संगठन को पाँच दशकों से अधिक समय तक समर्पित सेवा देने वाले वरिष्ठ नेताओं अशोक सक्सेना, मोहन झलिया, एन.एस. चौहान एवं शंकरलाल परदेसी को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा।

संविधान और गांधी विचारधारा पर चलने का आह्वान

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कांग्रेसजनों को एकजुट होकर महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलते हुए हर संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर लोकतंत्र की रक्षा के लिए सतत संघर्ष का आह्वान किया।

देशभक्ति नारों से गूंजा कांग्रेस कार्यालय

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कांग्रेसजन उपस्थित रहे। झंडा वंदन के उपरांत राष्ट्रगान किया गया। कार्यक्रम के अंत में
“वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय”, “महात्मा गांधी अमर रहें” और “बाबा साहब अंबेडकर अमर रहें” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

सुबह से ही जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसजनों का उत्साहपूर्ण आगमन शुरू हो गया था, जिससे संपूर्ण परिसर राष्ट्रीय चेतना और संगठनात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने किया। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!