अवैध खनन पर शासन की कठोर दृष्टि, नर्मदापुरम में प्रशासन की निर्णायक कार्यवाही
कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन में सोहागपुर सहित जिलेभर में रेत माफियाओं पर प्रबल प्रहार, नायब तहसीलदार रणजीत चौहान की सतर्क भूमिका प्रशंसनीय

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
नर्मदापुरम। जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध प्रशासन ने जिस दृढ़ता और संकल्प के साथ कार्यवाही आरंभ की है, वह सर्वथा सराहनीय है। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के स्पष्ट एवं कठोर निर्देशों के पालन में खनिज, राजस्व तथा पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सम्पूर्ण जिले में सघन अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस क्रम में 20, 21 एवं 22 जनवरी 2026 को सिवनीमालवा, सोहागपुर, डोंगरवाड़ा एवं मालाखेड़ी क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान रेत एवं बजरी के अवैध परिवहन में संलग्न कुल तीन ट्रैक्टर-ट्रालियाँ एवं छह डंपर जप्त किए गए। कई वाहनों को क्षमता से अधिक खनिज का परिवहन करते हुए पाए जाने पर तत्काल जप्त कर विधिसम्मत अभिरक्षा में रखा गया है। यह कार्यवाही न केवल कानून के पालन का उदाहरण है, बल्कि अवैध खनन में संलिप्त तत्वों के लिए स्पष्ट चेतावनी भी है।

विशेष उल्लेखनीय है सोहागपुर क्षेत्र, जहाँ नायब तहसीलदार रणजीत चौहान ने अपने कर्तव्यनिष्ठ एवं निर्भीक कार्य से यह सिद्ध किया कि प्रशासन यदि जागरूक और सजग रहे, तो अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उनके नेतृत्व में की गई कार्यवाही से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि शासन की भूमि और प्राकृतिक संपदा के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।
इस अभियान में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री जय सोलंकी, जिला खनि अधिकारी श्री दिवेश मरकाम, तहसीलदार श्री दिव्यांशु नामदेव, खनि निरीक्षक सुश्री पिंकी चौहान सहित राजस्व अमले एवं होमगार्ड बल की सक्रिय सहभागिता रही। जप्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
यह संपूर्ण कार्यवाही कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दृढ़ता एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसने यह स्पष्ट कर दिया है कि नर्मदापुरम जिले में कानून का शासन सर्वोपरि है।







