परंपरा और आस्था का संगम: बरमान मेले का हुआ भव्य शुभारंभ
बरमान में ऐतिहासिक बरमान मेले का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने मां नर्मदा के संरक्षण का संदेश दिया।

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली/बरमान।
मां नर्मदा की पावन और पुण्यभूमि पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बरमान मेले का शुभारंभ श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय वातावरण में डूब गया।
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि जीवनदायिनी मां हैं। उनकी स्वच्छता, पवित्रता और संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी नागरिकों की है। उन्होंने नर्मदा तट पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि यही मां नर्मदा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री विश्वनाथ सिंह ने कहा कि बरमान मेला क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह मेला वर्षों से आस्था, व्यापार और लोकसंस्कृति को एक सूत्र में पिरोता आ रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले की मर्यादा बनाए रखने और मां नर्मदा की पवित्रता को अक्षुण्ण रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कैलाश सोनी, पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मेले के शुभारंभ के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, पूजा-अर्चना और जनसमागम का सिलसिला प्रारंभ हो गया, जिससे बरमान क्षेत्र भक्ति, परंपरा और उल्लास के रंग में रंग गया।






