चलती कार में 2 घंटे तक गैंगरेप, विरोध पर मारपीट कर आधी रात सड़क पर फेंका, आरोपी मध्यप्रदेश के बताए जा रहे
फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड पर दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी मध्यप्रदेश के बताए जा रहे

Gang Rape News | फरीदाबाद। दिल्ली से सटे फरीदाबाद में चलती कार में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला को पहले लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया गया, फिर उसे करीब दो घंटे तक फरीदाबाद–गुरुग्राम सड़क पर घुमाते हुए दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और आधी रात को चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया।
पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर में 12 टांके लगाए गए हैं।
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
पीड़िता की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, महिला का अपनी मां से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह सहेली के घर चली गई। उसने बताया था कि वह तीन घंटे में लौट आएगी।
रात करीब 12:30 बजे वह घर लौटने के लिए निकली और मेट्रो चौक पहुंची, जहां ऑटो तलाश रही थी। तभी एक कार आकर रुकी, जिसमें दो युवक पहले से सवार थे। उन्होंने महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर कार में बैठा लिया।
दो घंटे तक सड़क पर घूमते रहे आरोपी
इसके बाद आरोपी कार को फरीदाबाद से गुरुग्राम की ओर ले गए और करीब दो घंटे तक सड़क पर घुमाते रहे। इस दौरान एक आरोपी कार चलाता रहा, जबकि दूसरा महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की गई।
सड़क पर फेंककर फरार
वारदात के बाद आरोपियों ने महिला को सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह अपनी बहन को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से एम्स रेफर किया गया, हालांकि फिलहाल फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल फरीदाबाद में रह रहे थे। मामले की जांच जारी है।







