मध्य प्रदेश

तेंदूखेड़ा में नगर गौरव दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, स्व. भागचंद जैन ‘सच्चे दादा’ की जयंती पर हुए विविध आयोजन

तेंदूखेड़ा में नगर गौरव दिवस स्व. भागचंद जैन ‘सच्चे दादा’ की जयंती पर हर्षोल्लास से मनाया गया, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल की मौजूदगी में रैली, सम्मान और विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ।

संवाददाता अवधेश चौकसे

तेंदूखेड़ा (नरसिंहपुर)।
नगर परिषद तेंदूखेड़ा द्वारा 28 दिसंबर, रविवार को नगर गौरव दिवस का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। यह आयोजन नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रथम सरपंच एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री भागचंद जैन ‘सच्चे दादा’ की जयंती के अवसर पर संपन्न हुआ। इसी अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

नगर गौरव दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल (मुलायम भैया) रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष पं. विष्णु शर्मा ने की।

स्वच्छता अभियान से हुई शुरुआत

कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9 बजे स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण से हुई। इसके पश्चात सुबह 10 बजे नगर परिषद परिसर में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सद्भावना रैली बनी आकर्षण का केंद्र

दोपहर 1 बजे स्वतंत्रता सेनानी सद्भावना रैली निकाली गई। रैली में स्कूली छात्र-छात्राएं, सर्वोदय विद्यालय के NCC कैडेट्स, बैंड दल एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
रैली नगर परिषद कार्यालय से प्रारंभ होकर गांधी चौक, पुराना अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, मंडी चौराहा होते हुए सच्चे दादा चौक पर संपन्न हुई।

मंचीय कार्यक्रम एवं सम्मान

दोपहर 2 बजे सच्चे दादा चौक पर मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया गया।
साथ ही—

  • दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों को कंबल वितरण
  • सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट
  • पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ

वितरित किए गए। इनमें संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि सहायता, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा कृषि विभाग द्वारा कटिया मशीन शामिल रही।

अटल बिहारी वाजपेयी जयंती भी मनाई गई

नगर गौरव दिवस के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती भी मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा के 5 मंडलों के मंडल अध्यक्षों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में हरगोविंद पटेल ने संबोधन दिया। वहीं अटल सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने नगर गौरव दिवस को विकास और स्वाभिमान से जुड़ा आयोजन बताया।

“हंगामा नहीं, विकास मेरा लक्ष्य” – नगर परिषद अध्यक्ष

नगर परिषद अध्यक्ष पं. विष्णु शर्मा ने अपने संबोधन में कविता की पंक्तियों के माध्यम से कहा—
“हंगामा करना मेरा मकसद नहीं, मेरी जिद है कि तेंदूखेड़ा की तस्वीर बदल जाए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य तेंदूखेड़ा को विकास के माध्यम से नई पहचान दिलाना है।

विकास कार्यों का भूमिपूजन

कार्यक्रम के समापन के पश्चात सायं 5 बजे नगर विकास से संबंधित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इस दौरान—

  • पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में अटल पार्क
  • मंगल भवन के समीप अटल कॉम्प्लेक्स

के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में नगर परिषद तेंदूखेड़ा के समस्त पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!