NH-46 पर भीषण सड़क हादसा: डंपर-बाइक टक्कर में बैतूल के दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत, चालक फरार

रायसेन। रायसेन जिले के ओबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र के बरखेड़ा चौकी अंतर्गत NH-46 पर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बड़े घाट के पास डंपर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर जुट गए।
बैतूल के रहने वाले थे दोनों युवक
सूत्रों के अनुसार, मृतक दोनों युवक बैतूल जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वे बाइक से यात्रा कर रहे थे तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
डंपर चालक हादसे के बाद फरार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
ओबेदुल्लागंज थाना पुलिस और बरखेड़ा चौकी स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
तहसील और जिला प्रशासन को भी घटना की सूचना भेज दी गई है।
स्थानीय लोगों में रोष
लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि बड़े घाट क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।







