शास्वत राय बने गाडरवारा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष, 4 हजार से अधिक मतों से शानदार जीत — क्षेत्र में खुशी की लहर
गाडरवारा विधानसभा से शास्वत राय ने 4,093 मत प्राप्त कर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद जीता। जीत के बाद सालीचौका और गाडरवारा में खुशी का माहौल, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका/ गाडरवारा।
गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार का दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए जश्न का दिन बन गया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक श्री सुरेश भैया राय के पौत्र तथा मप्र कांग्रेस महासचिव मनीष राय (छोटू भैया) के सुपुत्र शास्वत राय ने युवा कांग्रेस के गाडरवारा विधानसभा अध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल की है।
शास्वत राय ने चुनाव में 4,093 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भरत पटेल (पुत्र सोयश पटेल) को, जिन्हें 1,499 मत मिले, बड़े अंतर से हराया।
इस जीत ने न केवल राय परिवार में बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया है।
ढोल-नगाड़ों और आतिशबाज़ी से हुआ स्वागत
जीत की घोषणा के साथ ही सालीचौका और गाडरवारा नगर में ढोल-नगाड़ों, फटाखों और फूलमालाओं के साथ जश्न मनाया गया।
शुभचिंतकों और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें बधाइयाँ दीं।
गाँव से लेकर नगर तक “शास्वत राय ज़िंदाबाद” के नारे गूंज उठे।
युवा नेतृत्व की नई पहचान
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के निर्देश पर हाल ही में हुए ऑनलाइन संगठनात्मक चुनावों में 18 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं ने मतदान किया था।
इसी प्रक्रिया में शास्वत राय ने सक्रियता, सादगी और मिलनसार स्वभाव के चलते युवाओं का भारी समर्थन हासिल किया।
उनकी यह जीत संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का प्रतीक मानी जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शास्वत राय आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति में युवा नेतृत्व का प्रभावशाली चेहरा बन सकते हैं।
शुभचिंतकों की प्रतिक्रिया
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने कहा कि शास्वत राय की यह सफलता “परिवार की विरासत और व्यक्तिगत मेहनत का संगम” है।
उन्होंने हमेशा युवाओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है।







