Indore News: सांची, अमूल, नोवा के नाम पर हो रहा था बड़ा फर्जीवाड़ा — 600 लीटर नकली घी जब्त, देखें कैसे चलता था ये गोरखधंधा
Indore News: इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पल्हर नगर से 600 लीटर नकली घी जब्त। अमूल, सांची, नोवा ब्रांड के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा, कलेक्टर बोले — मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं।

मुख्य बिंदु:
- पल्हर नगर में छापेमारी, नामी ब्रांड के पैक में पैक हो रहा था नकली घी
- खाद्य विभाग ने 600 लीटर घी और तेल जब्त किया
- सांची, अमूल, नोवा और मालवा ब्रांड के नकली रैपर बरामद
- कलेक्टर शिवम वर्मा बोले — “मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी”
इंदौर से बड़ी खबर (Indore Fake Ghee Case):
इंदौर। शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य विभाग ने एक बड़े फूड फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पल्हर नगर स्थित 60 फीट रोड पर एक घर पर छापा मारकर 600 लीटर से अधिक नकली घी और तेल जब्त किया।
छापे के दौरान टीम ने मौके से सांची, अमूल, नोवा और मालवा जैसे नामी ब्रांडों के रैपर और आउटर पैकिंग कवर बरामद किए। आरोपी इन ब्रांडेड रैपर में वनस्पति तेल और एसेंस मिलाकर नकली घी तैयार कर बेचता था।
कैसे चलता था यह फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि यह मकान गिरिराज गुप्ता का है, जो मल्हारगंज क्षेत्र में प्रभुश्री ट्रेडर्स नाम से दुकान संचालित करता है।
मकान के अंदर डिब्बों में तेल, घी, एसेंस, रैपर और सीलिंग मशीनें रखी हुई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि यहां वनस्पति तेल में एसेंस मिलाकर उसे घी जैसा रंग और खुशबू दी जाती थी, और फिर नकली पैकिंग में बाजार में बेचा जाता था।
खाद्य विभाग ने जब्त की सामग्री:
- 27 डिब्बे वनस्पति
- 13 डिब्बे तेल
- 3 डिब्बे तैयार घी
- 5 बोतल एसेंस
- लगभग 350 ब्रांडेड रैपर
- कुल जब्त मात्रा — लगभग 600 लीटर घी और तेल
सभी 6 नमूने राज्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
वहीं आरोपी का प्रोडक्शन स्थल सील कर दिया गया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा का बयान:
“इंदौर में किसी भी प्रकार की मिलावटखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”







