लगातार बैमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी — खलिहानों में कटी धान फसल को हुआ भारी नुकसान
नरसिंहपुर जिले के सालीचौका क्षेत्र में बैमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खलिहानों में रखी कटी धान फसल का 30-40% हिस्सा खराब हुआ, वहीं खेतों में खड़ी फसलें भी आड़ी हो गईं।

सालीचौका (नरसिंहपुर)।
गुरुवार की दोपहर हल्की बूंदाबांदी के बाद शाम लगभग 5 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अचानक हुई इस बारिश से खलिहानों में कटी रखी धान की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
स्थानीय किसानों के अनुसार, जब तक वे फसल को समेटकर ढकने का प्रयास करते, तब तक लगभग 30 से 40 प्रतिशत धान की फसल पानी में बह गई या खराब हो गई। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
वहीं जिन किसानों की फसलें अभी खेतों में खड़ी हैं, वे भी अब बारिश की वजह से आड़ी (झुक) गई हैं, जिससे कटाई में और दिक्कतें बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मौसम जल्द नहीं सुधरा तो कटाई में कम से कम 15 से 20 दिन की देरी हो सकती है।
किसानों ने मौसम विभाग की भविष्यवाणियों पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि पूर्वानुमान लगातार गलत साबित हो रहे हैं, जिससे तैयारी नहीं हो पाती और नुकसान बढ़ जाता है।
एक स्थानीय किसान ने बताया —
“हर तरफ से किसान वर्ग पर मार पड़ रही है। न फसल सुरक्षित है, न दाम मिल रहे हैं, ऊपर से अब यह बैमौसम बारिश सब बिगाड़ रही है।”








