धनतेरस पर गाडरवारा के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, लोगों ने सोना-चांदी, बर्तन और वाहनों की की जमकर खरीदारी
गाडरवारा में धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त भीड़ रही। लोगों ने सोना, चांदी, बर्तन, वाहन और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की, प्रशासन सतर्क रहा।

गाडरवारा (स्वामी राजेश नीरस)। धनतेरस के शुभ अवसर पर गाडरवारा नगर में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के झंडा चौक, पुरानी गल्ला मंडी, शिवालय चौक, शुक्रवार बाजार, पानी की टंकी और पलोटन गंज सहित सभी प्रमुख बाजारों में दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
लक्ष्मी जी की मूर्तियों, पूजन सामग्री, दीपक और सजावटी वस्तुओं से सजी दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। हर कोई धनतेरस के शुभ मुहूर्त में खरीदारी कर सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना करता नजर आया।
धनतेरस का धार्मिक महत्व
धनतेरस का पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन को स्वास्थ्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
इस अवसर पर माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की विशेष पूजा की जाती है। घरों में दीपक जलाकर, रंगोली बनाकर और साफ-सफाई कर मां लक्ष्मी का स्वागत किया जाता है।
सोना-चांदी और बर्तन की जमकर खरीदारी

धनतेरस के दिन सोना, चांदी, बर्तन या अन्य धातु की वस्तुएं खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए नगर के सराफा बाजार में ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही।
वहीं, ट्रैक्टर, कार और टू-व्हीलर शोरूम्स पर भी लोगों ने नए वाहनों की खरीदारी कर त्योहार की खुशियां बढ़ाईं।
मिठाई और इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में भी रौनक
शहर की मिठाई की दुकानों, इलेक्ट्रॉनिक स्टोर्स और बर्तन बाजारों में ग्राहकों की भीड़ से दिनभर रौनक बनी रही। पारंपरिक मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई, वहीं कई लोगों ने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी।
शनि मंदिर मार्ग पर ऑडिटोरियम के पास लगे पटाखा बाजार में भी खरीददारों की भारी भीड़ नजर आई। बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी ने दीपावली की तैयारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस रही मुस्तैद

त्योहारी भीड़ को देखते हुए नगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रमुख बाजारों में पुलिस बल की तैनाती की गई और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई।
नगर निरीक्षक विक्रम रजक ने नागरिकों से अपील की कि अपने वाहन सही स्थान पर पार्क करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग दें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
शहर में दिखी दीपावली की चमक
इस बार स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी का विशेष क्रेज देखने को मिला। हर गली, हर चौक दीपों से जगमगा उठा। दुकानों की साज-सज्जा और नागरिकों का उत्साह दीपावली के माहौल को और भी मनमोहक बना रहा।







