क्राइममध्य प्रदेश

चार धाम यात्रा के नाम पर ऑनलाइन ठगी: हेलीकॉप्टर सुविधा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठे, एसपी से लगाई गुहार

नरसिंहपुर के गाडरवारा में चार धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सुविधा दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

गाडरवारा/नरसिंहपुर। चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा और वीआईपी दर्शन का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। गाडरवारा निवासी एक परिवार से कथित तौर पर हजारों रुपये की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर आरोपियों ने न तो कोई सुविधा उपलब्ध कराई और न ही पैसे वापस लौटाए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

इंटरनेट पर खोजा नंबर, शुरू हुई बातचीत

जानकारी के अनुसार शहीद भगत सिंह वार्ड, गाडरवारा निवासी केशव प्रसाद पचौरी की धर्मपत्नी कीर्ति पचौरी चार धाम यात्रा की योजना बना रही थीं। इसी दौरान उन्होंने इंटरनेट पर उपलब्ध एक मोबाइल नंबर 7290042587 पर संपर्क किया। फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम गुलशन कुमार बताया और चार धाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सुविधा एवं सुलभ दर्शन की व्यवस्था कराने का दावा किया।

आरोपी ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर दी जाएंगी। इसके एवज में करीब 80 हजार रुपये की राशि तय की गई।

किश्तों में जमा कराई रकम

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी की बातों में आकर परिवार ने विभिन्न तिथियों में ऑनलाइन माध्यम से रकम ट्रांसफर की। आवेदन के अनुसार मई माह में अलग-अलग तारीखों पर कई किश्तों में राशि जमा कराई गई। इनमें 15 हजार, 20 हजार, 25 हजार और 67 हजार 500 रुपये सहित अन्य भुगतान शामिल हैं।

पीड़ित परिवार को विश्वास था कि भुगतान के बाद उन्हें यात्रा से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, हेलीकॉप्टर बुकिंग और दर्शन व्यवस्था उपलब्ध करा दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

न हेलीकॉप्टर सेवा मिली, न दर्शन की व्यवस्था

रकम जमा होने के बाद जब यात्रा की तारीख नजदीक आई तो परिवार ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया। आरोप है कि पहले तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। काफी प्रयासों के बावजूद न तो हेलीकॉप्टर बुकिंग से संबंधित कोई प्रमाण उपलब्ध कराया गया और न ही दर्शन की कोई व्यवस्था की गई।

जब पीड़ितों को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ तो उन्होंने रकम वापस मांगनी शुरू की, लेकिन आरोपी द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

एसपी कार्यालय पहुंचा मामला

धोखाधड़ी का एहसास होने पर केशव प्रसाद पचौरी ने मंगलवार, 2 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नरसिंहपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को विभाग द्वारा आवक क्रमांक-2 के तहत स्वीकार किया गया है।

पीड़ित ने आवेदन में आरोपी गुलशन कुमार तथा संबंधित मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ठगी गई राशि वापस दिलाने की भी गुहार लगाई है।

ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर बढ़ रहे साइबर अपराध

विशेषज्ञों का कहना है कि धार्मिक यात्राओं, होटल बुकिंग, हेलीकॉप्टर सेवा और वीआईपी दर्शन जैसी सुविधाओं के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर और कम कीमत का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी यात्रा या सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइटों और प्रमाणित एजेंसियों के माध्यम से ही करें तथा भुगतान करने से पहले संबंधित संस्था की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!