सांईखेड़ा में गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत सघन जनसंपर्क, 27 अप्रैल को सौंपा जाएगा प्रार्थना पत्र
सांईखेड़ा में गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत गौ सेवकों ने सघन प्रचार किया। 27 अप्रैल 2026 को SDM और कलेक्टर को गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।

सांईखेड़ा। गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत नगर में गौ सेवकों द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने हेतु 27 अप्रैल 2026 को प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है।
गाडरवारा एवं सांईखेड़ा के गौ भक्तों ने संयुक्त रूप से नगर के बाजार क्षेत्र में दुकानदारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से संपर्क कर उन्हें इस अभियान में शामिल होने की अपील की। इस दौरान 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) एवं तहसीलदार तथा जिला स्तर पर कलेक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपे जाने की जानकारी दी गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है। इसके तहत गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय स्तर पर गो सेवा कानून लागू करने, गो सेवा मंत्रालय के गठन, गोचर बोर्ड बनाने, चारा सुरक्षा नीति तय करने और गौ आधारित कृषि को बढ़ावा देने की मांग की जा रही है।
गौ सेवकों का कहना है कि यह अभियान पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और किसी व्यक्ति विशेष या संगठन से जुड़ा नहीं है। यह अभियान देशभर में एक साथ चलाया जा रहा है, जिसमें संत-महात्माओं, गौ भक्तों, गो पालकों और समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है।
इस सघन प्रचार-प्रसार के दौरान गाडरवारा एवं सांईखेड़ा के बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।







