बम्हौरीकलां स्कूल में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
57 विद्यार्थियों की हुई जांच, डॉक्टरों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव की दी जानकारी

गाडरवारा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत समीपस्थ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हौरीकलां में कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर संभावित बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना था।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉ. नीरज गुप्ता ने कुल 57 विद्यार्थियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में बच्चों का वजन, नेत्र परीक्षण, सामान्य शारीरिक परीक्षण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई।

डॉ. गुप्ता ने विद्यार्थियों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जिन विद्यार्थियों को आवश्यकता थी, उन्हें आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समय पर उपचार के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और स्वास्थ्य टीम का सहयोग किया।







