मध्य प्रदेश

गौ सेवकों का एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, गौमाताओं को कुचलने वाले अज्ञात डंपर चालक और मालिक पर सख्त कार्रवाई की मांग

करेली मार्ग पर दो गौमाताओं की मौत और दो गंभीर घायल होने से फूटा आक्रोश, कैमरों की जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

गाडरवारा। गाडरवारा क्षेत्र में लगातार हो रही गौवंश दुर्घटनाओं को लेकर गुरुवार को गौ सेवकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नगर के समस्त गौ सेवकों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राजस्व को ज्ञापन सौंपकर करेली मार्ग स्थित डमरू घाटी के सामने दो गौमाताओं को कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले अज्ञात डंपर चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। गौ सेवकों ने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन तेज किया जाएगा।

करेली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो गौमाताओं की मौके पर मौत

ज्ञापन में बताया गया कि गुरुवार सुबह तड़के करेली मार्ग पर डमरू घाटी के सामने तेज रफ्तार एक अज्ञात डंपर ने सड़क पर मौजूद गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में दो गौमाताओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गौमाताएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल गौवंश की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

इस घटना से क्षेत्र के गौ सेवकों और गोभक्तों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि आए दिन तेज रफ्तार भारी वाहन सड़क पर घूम रहे गौवंश को अपनी चपेट में ले रहे हैं, जिससे लगातार गौमाताओं की जान जा रही है।

पहले भी हुई थी ऐसी घटना, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा रोष

गौ सेवकों ने प्रशासन को बताया कि कुछ दिन पहले भी एक अन्य वाहन चालक द्वारा गौमाता को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया था। उस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन वाहन चालक और मालिक के खिलाफ कोई प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं और इसी कारण ऐसी घटनाएं लगातार दोहराई जा रही हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोषियों की पहचान की मांग

ज्ञापन के माध्यम से गौ सेवकों ने प्रशासन से मांग की कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कर अज्ञात डंपर और उसके चालक की पहचान की जाए। साथ ही वाहन मालिक एवं चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील

गौ सेवकों ने प्रशासन से मांग की कि गाडरवारा क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, संवेदनशील मार्गों पर निगरानी तथा गौवंश की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार गौवंश की मौत होना अत्यंत चिंताजनक है और इसे रोकने के लिए प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने होंगे।

ज्ञापन के अंत में गौ सेवकों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!