मध्य प्रदेश

साईंखेड़ा को मिली शिक्षा की ऐतिहासिक सौगात, 37.22 करोड़ की लागत से बने जिले के पहले सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण

प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेगी महानगरों जैसी आधुनिक शिक्षा

गाडरवारा/साईंखेड़ा। नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा में शनिवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बन गया, जब प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 37.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिले के प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। यह विद्यालय आधुनिक शिक्षा, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाओं और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, लोकतंत्र सेनानी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिक्षा ही भविष्य की सबसे बड़ी ताकत : गोविंद सिंह राजपूत

प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि साईंखेड़ा का यह सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का द्वार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि एक समय विद्यालयों में टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही, लेकिन संसाधनों का अभाव था। आज सरकार ने आधुनिक भवन, स्मार्ट क्लास, डिजिटल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना उपलब्ध कराकर उस कमी को दूर किया है।

उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल प्रदेश और देश का भविष्य हैं।

ग्रामीण विद्यार्थियों को अब शहर नहीं जाना पड़ेगा : उदय प्रताप सिंह

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय की स्थापना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। अब ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि जैसे किसी परिवार को नया घर मिलने पर खुशी होती है, उसी प्रकार इस नए विद्यालय में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। यह विद्यालय उनके सपनों को नई उड़ान देगा।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बारछी पहुंच मार्ग का भूमिपूजन भी किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

विद्यार्थियों के भविष्य की मजबूत नींव : सांसद दर्शन सिंह चौधरी

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय जैसी योजनाएं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जिला हमेशा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट रहा है और यहां के विद्यार्थी लगातार बेहतर परिणाम देकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है विद्यालय

लगभग 11,772 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित इस विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

भूतल पर उपलब्ध सुविधाएं

  • प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य कक्ष
  • प्रशासनिक एवं लेखा कक्ष
  • 12 स्मार्ट क्लासरूम
  • स्टाफ रूम
  • रिकॉर्ड एवं परीक्षा कक्ष
  • हेड मास्टर कक्ष
  • काउंसलर कक्ष
  • खेल एवं स्वास्थ्य कक्ष
  • 360 क्षमता वाला बहुउद्देशीय सभागार
  • मिड-डे मील किचन
  • कला एवं शिल्प कक्ष
  • डांस एवं म्यूजिक रूम
  • विद्युत एवं सर्वर रूम
  • दिव्यांगजनों के लिए रैंप

प्रथम तल (मिडिल सेक्शन)

  • 18 स्मार्ट क्लासरूम
  • ई-लाइब्रेरी
  • कंप्यूटर लैब
  • स्टेम लैब
  • साइंस लैब
  • वोकेशनल लैब
  • मैथ्स लैब
  • पृथक स्टाफ रूम

द्वितीय तल (हायर सेकेंडरी सेक्शन)

  • 18 स्मार्ट क्लासरूम
  • भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशालाएं
  • कंप्यूटर लैब
  • कॉमन रूम
  • स्टाफ रूम

खेल और सुरक्षा की आधुनिक व्यवस्था

विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए—

  • वॉलीबॉल कोर्ट
  • बास्केटबॉल कोर्ट
  • स्कूल बस पार्किंग
  • सीसीटीवी निगरानी प्रणाली
  • पब्लिक एड्रेस सिस्टम
  • फायर डिटेक्शन एवं फायर फाइटिंग सिस्टम
  • 200 केवीए ट्रांसफार्मर
  • 200 केवीए डीजी सेट
  • आधुनिक विद्युत व्यवस्था
  • कैंपस स्ट्रीट लाइटिंग

जैसी सभी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण

विद्यालय के लोकार्पण के बाद परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व विधायक नरेश पाठक, साईंखेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सचिन अग्रवाल, गाडरवारा नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मिनेंद्र डागा, ठाकुर राजीव सिंह, गोविंद सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!