क्राइममध्य प्रदेश

अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं…’ शादी से पहले दूल्हे के घर 40 युवकों का हमला, दूल्हा लापता होने का दावा”

जबलपुर में शादी से पहले दूल्हे के घर पर 30-40 युवकों ने हमला कर तोड़फोड़ और मारपीट की। दूल्हा लापता होने का दावा, पुलिस जांच में जुटी।

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के गोराबाजार थाना क्षेत्र में शादी से ठीक पहले एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सिरफिरे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूल्हे के घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, परिवार के सदस्यों से मारपीट की और महिलाओं के साथ अभद्रता की। घटना के बाद शादी रुक गई, जबकि दूल्हे के लापता होने का भी दावा किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

पहले दूल्हे को घेरकर की मारपीट

पीड़ित परिवार के मुताबिक, रहीम खान की शादी जबलपुर निवासी एक युवती से दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। 12 जुलाई की शाम रहीम किसी जरूरी काम से बाहर गया था। इसी दौरान उसे फोन कर उसकी लोकेशन पूछी गई। कुछ देर बाद तीन से चार युवक मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

रात में 30 से 40 युवकों ने घर में मचाया उत्पात

रहीम की बहन रोशन आरा ने बताया कि उसी रात करीब 8 से 9 बजे के बीच 30 से 40 युवक उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने घर में आग लगाने का भी प्रयास किया। विरोध करने पर महिलाओं को धक्का देकर गिरा दिया गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और उनके पास वीडियो भी मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा।

युवती का आरोप- “अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा”

मामले में युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बताया कि वह और रहीम एक-दूसरे को पसंद करते हैं तथा दोनों परिवारों की सहमति से शादी तय हुई थी।

युवती का आरोप है कि बेलबाग निवासी आदित्य बैन लगातार उसे धमकी दे रहा था। उसने कथित तौर पर कहा था कि “अगर मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा।”

युवती ने बताया कि कुछ वर्ष पहले उसकी आरोपी से दोस्ती थी, लेकिन बाद में उसने जबरन शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रिश्ता खत्म होने के बाद भी वह लगातार परेशान करता रहा और रहीम से शादी तय होने के बाद धमकियां देने लगा।

कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के तुरंत बाद गोराबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने यह भी दावा किया कि हमले के बाद से रहीम का कोई पता नहीं चल रहा है और वह लापता है।

एसपी कार्यालय पहुंचा परिवार

घटना से आहत दूल्हे का परिवार और युवती मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, दूल्हे की सुरक्षित तलाश और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

मामले में डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!