तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, शव रखकर 3 घंटे तक सड़क पर बैठे परिजन
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के भामा-करौंदी मार्ग पर हुआ हादसा, डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

तेंदूखेड़ा (नरसिंहपुर)। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहे और दोषी डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 6 बजे भामा और करौंदी के बीच एक तेज रफ्तार डंपर (क्रमांक MP 15 ZF 8655) ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल चालक अमोल पटेल (45 वर्ष), निवासी ग्राम ग्वारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और क्षेत्रीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज परिजनों एवं ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाइश दी। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







