मध्य प्रदेशराजनीति

सालीचौका पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह “राहुल भैया”, कार्यकर्ताओं में भरा चुनावी जोश

कांग्रेस को मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार का किया आह्वान, सालीचौका में पूर्व विधायक सुरेश राय से की मुलाकात

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका/गाडरवारा। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अजय सिंह “राहुल भैया” के गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह और आगामी चुनावों को लेकर जोश देखने को मिला।

राय निवास सालीचौका में हुआ भव्य स्वागत

अपने प्रवास के दौरान अजय सिंह “राहुल भैया” सालीचौका स्थित राय निवास पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राय से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर सुरेश राय ने तिलक लगाकर, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।

प्रदेश सचिव मनीष राय (छोटू भैया) ने अजय सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल, पूर्व विधायक संजय शर्मा, महेंद्र सिंह चौहान, दीवान शैलेन्द्र सिंह, प्रदीप रघुवंशी, गौतम पटेल, जनपद अध्यक्ष कमलेश अहिरवार सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

सालीचौका और गाडरवारा क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच अजय सिंह का भव्य स्वागत किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या भी कार्यक्रम में मौजूद रही।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय सिंह “राहुल भैया” ने आगामी विधानसभा चुनाव को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना होगा और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता तथा समर्पण के बल पर आगामी चुनावों में पार्टी को सफलता मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।

मूंग खरीदी को लेकर सरकार पर बरसीं सुनीता पटेल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने अपने संबोधन में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि नरसिंहपुर जिले में मूंग खरीदी आखिर कब शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज को लेकर चिंतित हैं और खरीदी की तिथि घोषित नहीं होने से परेशानी में हैं। सरकार को तत्काल मूंग खरीदी शुरू करनी चाहिए ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।

संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय सिंह “राहुल भैया” के साथ संगठन की वर्तमान स्थिति, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं, किसानों के मुद्दों और संगठन विस्तार को लेकर अपने सुझाव भी रखे।

इस अवसर पर जिला प्रभारी आलोक मिश्रा, जिला संगठन प्रभारी दीवान शैलेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक संजय शर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र पटेल, वरिष्ठ नेता गौतम पटेल, प्रदेश सचिव मनीष राय, मोना कौरव, अभिषेक परमार, अशोक काबरा, डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चुनावी माहौल में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह

सालीचौका में भी स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय सिंह का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह चुनावी उत्साह से सराबोर रहा। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन कुलदीप स्थापक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनीष राय (छोटू भैया) ने व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!