मध्य प्रदेश

लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई, मंत्री उदयप्रताप सिंह ने किया आदर्शों पर चलने का आह्वान

चीचली में अखिल भारतीय गडरिया महासभा द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

गाडरवारा/चीचली। नगर परिषद चीचली में रविवार को अखिल भारतीय गडरिया महासभा के तत्वावधान में पूज्य लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री राव उदयप्रताप सिंह द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अहिल्याबाई होलकर थीं सुशासन और जनसेवा की प्रतीक

विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर केवल मालवा की शासक नहीं थीं, बल्कि पूरे भारत में न्याय, धर्म, सुशासन और जनसेवा की प्रतीक के रूप में पूजनीय हैं। उन्होंने अपने शासनकाल में मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया, घाटों का निर्माण करवाया, कूप और तालाब खुदवाए तथा प्रजा की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन नारी शक्ति, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है। समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संगठन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

युवाओं को शिक्षा और व्यापार में आगे बढ़ने का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय गडरिया महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती श्रीपाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने शोषित एवं वंचित वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उनका शासनकाल भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय माना जाता है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

जयंती समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन और उनके योगदान पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान एवं प्रोत्साहन भी किया गया।

इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मंडीदीप बद्री चौहान, महासभा के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। चीचली नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी समाजबंधु परिवार सहित समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन महासभा के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों पर चलने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!