हजारों लोगों ने अदा की ईदुल अजहा की नमाज, देश में अमन-चैन और तरक्की के लिए मांगी दुआ
गाडरवारा में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

गाडरवारा। नगर में ईदुल अजहा (बकरा ईद) का पर्व मुस्लिम समुदाय ने पूरे उत्साह, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया। राजीव वार्ड स्थित ईदगाह सहित नगर की विभिन्न मस्जिदों में हजारों मुस्लिम भाइयों ने सजदा कर अल्लाह की इबादत की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईदगाह में सुबह 7:30 बजे सामूहिक नमाज हाफिज व कारी जुबेर आलम साहब ने अदा कराई। नमाज और दुआ के दौरान देश की खुशहाली, आपसी भाईचारे और अमनो-अमान के लिए दुआएं की गईं। नमाज के बाद ईदगाह परिसर में मुस्लिम समाज के लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने अपने मरहूम परिजनों की कब्रों पर फूल और खुशबू पेश कर उनकी मगफिरत के लिए दुआ की। ईदगाह और आसपास का माहौल बेहद खुशनुमा नजर आया। नए और स्वच्छ परिधानों में लोग मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देते दिखाई दिए।
नगर की अन्य मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद में सुबह 8 बजे मोहम्मद मजहर ने नमाज पढ़ाई, छोटी मस्जिद में हाफिज अब्दुल गफ्फार ने और फैजाने मदीना मस्जिद में सुबह 8:30 बजे हाफिज शफीक ने नमाज अदा कराई।
ईदुल अजहा का पर्व त्याग, समर्पण और अल्लाह पर भरोसे का प्रतीक माना जाता है। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने अपनी हैसियत के अनुसार कुर्बानी की रस्म अदा की। साथ ही जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया गया। समाज के बुजुर्गों ने बताया कि बकरा ईद केवल जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों, लालच, घमंड और नफरत को खत्म करने का संदेश देता है।
ईद के मौके पर नगर में गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई देकर आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
ईदगाह और मस्जिदों के आसपास प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद द्वारा ईदगाह, कब्रिस्तान और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई। जगह-जगह पुलिस बल भी तैनात रहा।
नमाज के बाद जामा मस्जिद प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष अबरार खान ने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अब्दुल फिरोज खान, महमूद पहलवान, सत्तार खान, असलम फल वाले, आशिक हुसैन, शेख रहीम गुड्डू, मुजीब खान, इसरार खान चंदू, फिरोज फिजा, आशिक अली, सज्जाद अली और रिजवान चिस्ती सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।







