जिंदगी भर की कमाई लेकर लौटी पुलिस, वृद्ध किसान की आंखों में छलकी खुशी
बस में छूटा रुपयों से भरा थैला, नरसिंहपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोजकर लौटाया ₹27,200

संवाददाता पूजा मालवीय
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर पुलिस की संवेदनशीलता, ईमानदारी और तत्परता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। बस में छूटे रुपयों से भरे थैले को पुलिस ने महज कुछ घंटों में तलाश कर 76 वर्षीय वृद्ध किसान को सुरक्षित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है और लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरखेड़ा निवासी 76 वर्षीय साधुराम चौधरी अपनी मेहनत से उगाए गए चने बेचकर ₹27,200 नगद लेकर बस से गांव लौट रहे थे। सफर के दौरान उनका रुपयों से भरा थैला बस में ही छूट गया। घर पहुंचने के बाद जब उन्हें इसकी जानकारी लगी तो उनके होश उड़ गए।
वृद्ध किसान ने दिनभर अपने स्तर पर थैले की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो वे शाम के समय सिंहपुर चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। वृद्ध किसान की परेशानी और उनकी जीवनभर की मेहनत की कमाई को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिना देर किए बस मालिकों, चालकों और कर्मचारियों से संपर्क कर खोजबीन शुरू की। पुलिस ने लगातार अलग-अलग स्थानों पर जानकारी जुटाई और बस के संभावित रूट पर तलाश अभियान चलाया।
पुलिस की सक्रियता आखिरकार रंग लाई। हर्रई (जिला छिंदवाड़ा) के आगे एक गांव के पास से नगदी से भरा थैला सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद पूरी राशि ₹27,200 सही-सलामत वृद्ध किसान को वापस सौंप दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर वृद्ध किसान भावुक हो गए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। किसान एवं उनके परिजनों ने नरसिंहपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की मानवीय कार्यशैली और ईमानदार प्रयासों की जमकर सराहना की।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी स्टेशनगंज निरीक्षक सौरभ पटेल, चौकी प्रभारी सिंहपुर उपनिरीक्षक संजय सूर्यवंशी, सहायक उपनिरीक्षक विजय पटेल एवं सैनिक शफीक खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







