नर्मदापुरम ने रचा रिकॉर्ड: 90 दिन का लक्ष्य 53 दिन में पूरा, एचपीवी टीकाकरण में प्रदेश में अव्वल
नर्मदापुरम ने एचपीवी वैक्सीनेशन में रिकॉर्ड बनाया, 90 दिन का लक्ष्य 53 दिन में पूरा। 11,098 बालिकाओं का टीकाकरण, सभी ब्लॉकों में 100% सफलता।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। जिले ने 90 दिनों का लक्ष्य सिर्फ 53 दिनों में पूरा कर लिया और तय लक्ष्य से भी आगे निकल गया।
लक्ष्य से ज्यादा टीकाकरण
राज्य स्तर पर जिले को 11,096 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन नर्मदापुरम ने 11,098 बालिकाओं तक वैक्सीन पहुंचाकर इसे पार कर लिया।
53 दिन में पूरा हुआ अभियान
28 फरवरी से शुरू हुआ यह अभियान 90 दिन में पूरा होना था, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से यह काम सिर्फ 53 दिनों में ही पूरा हो गया।
कुल 439 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें जिले के सभी ब्लॉकों—डोलरिया, नर्मदापुरम, बनखेड़ी, पिपरिया, सोहागपुर, माखननगर, सिवनीमालवा, केसला और इटारसी—ने 100% लक्ष्य हासिल किया।
टीमवर्क से बना भरोसा
शुरुआत में एचपीवी वैक्सीन को लेकर लोगों में कई तरह की शंकाएं थीं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा और एएनएम की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को समझाया और उनका भरोसा जीता।
नेतृत्व और निगरानी का असर
कलेक्टर के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर लगातार समीक्षा की गई और हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की गई।
इसका नतीजा यह रहा कि पूरे अभियान के दौरान कोई भी गंभीर साइड इफेक्ट सामने नहीं आया, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ।
मिसाल बना नर्मदापुरम
यह उपलब्धि सिर्फ एक स्वास्थ्य अभियान की सफलता नहीं, बल्कि उस प्रशासनिक मॉडल की मिसाल है जिसमें योजनाएं जमीन पर उतरती हैं और लोगों तक वास्तविक लाभ पहुंचता है।







