वरिष्ठ कांग्रेसी नाथूराम पगरवार का देवलोकगमन

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)।
नगर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं समाजसेवी नाथूराम पगरवार का बुधवार को 90 वर्ष की आयु में देवलोकगमन हो गया। उनके निधन से नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
स्वर्गीय नाथूराम पगरवार की अंतिम यात्रा गुरुवार प्रातः 11 बजे, उनके निज निवास लोधी मोहल्ला, साईं चौराहा से मुक्तिधाम के लिए निकाली गई। अंतिम यात्रा में सभी वर्गों के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नाथूराम पगरवार, इंद्रकुमार पगरवार, दीवान पगरवार एवं राजू पगरवार के पूज्य पिताजी थे। वे सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सदैव सक्रिय रहे और दीपक कला, रामायण मंडल के संस्थापक एवं अध्यक्ष के रूप में उनकी विशेष पहचान रही। उनके मार्गदर्शन में वर्षों तक धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों का सफल संचालन होता रहा।
उनके निधन के शोक में गुड़बाजार क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। नगरवासियों ने उन्हें सरल, मिलनसार और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में याद किया।
नगरवासियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।







