बिना अनुमति सागौन के 11 पेड़ काटे जाने का आरोप, ठेकेदार पर किसान ने राजस्व विभाग से की कार्रवाई की मांग

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता शाहपुर
शाहपुर। तहसील अंतर्गत ग्राम बांकाखोडरी में निजी खेत से बिना अनुमति सागौन के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। ग्राम बांकाखोडरी निवासी राजेश रायपुरे ने राजस्व अधिकारी शाहपुर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनके स्वयं के खेत खसरा नंबर 350 में ठेकेदार द्वारा बिना किसी पूर्व अनुमति के सागौन के पेड़ काट दिए गए।
आवेदन के अनुसार खेत में कुल 11 सागौन के पेड़ काटे गए हैं, जिनमें से 3 पेड़ बहुत पुराने और मोटे बताए गए हैं, जबकि 8 पेड़ छोटे थे। फरियादी का कहना है कि यह कार्य एमपीबी के ठेकेदार द्वारा उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
राजेश रायपुरे, निवासी शोभापुर कॉलोनी सारणी, ने राजस्व विभाग से मांग की है कि दोषी ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने मामले की जांच कर उचित दंडात्मक कार्यवाही करने का आग्रह किया है।
इस संबंध में राजस्व विभाग द्वारा आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







