प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सौजन्य भेंट, गाडरवारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के क्षमता विस्तार हेतु भूमि-पूजन का दिया आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर गाडरवारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के क्षमता विस्तार के भूमि-पूजन हेतु आमंत्रण दिया। कृषक कल्याण वर्ष 2026 और विकास योजनाओं पर चर्चा।

नई दिल्ली | 15 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से गुरुवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा स्थित एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन के प्रस्तावित क्षमता विस्तार परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आमंत्रण प्रधानमंत्री को दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गाडरवारा में स्थित एनटीपीसी लिमिटेड के सुपर थर्मल पावर स्टेशन के स्टेज-II अंतर्गत 1600 मेगावॉट (2×800 MW) क्षमता विस्तार को ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
इस परियोजना की कुल लागत 20,446 करोड़ रुपये है और इसे वर्ष 2029-30 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह परियोजना अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी पर आधारित होगी, जिसमें एयर कूल्ड कंडेंसर तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे पारंपरिक तकनीक की तुलना में पानी की खपत लगभग एक-तिहाई कम होगी।
वर्ष 2026: ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसका उद्देश्य “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” के लक्ष्य को साकार करना है।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से नवम्बर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना एवं कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसमें 16 से अधिक विभागों की सहभागिता रहेगी।
कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत
- प्राकृतिक व जैविक खेती को प्रोत्साहन
- शीघ्रनाशी फसलों वाले क्षेत्रों में फूड पार्क एवं फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना
- कृषि उद्योगों को सब्सिडी
- किसानों की भागीदारी बढ़ाने
- अगले 3 वर्षों में 30 लाख किसानों के खेतों में सोलर पंप लगाने का लक्ष्य
शामिल है।
अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि 25 दिसंबर 2025 को ग्वालियर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ आयोजित की गई।
इस समिट का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने किया, जिसमें
- 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक की औद्योगिक इकाइयों का भूमि-पूजन
- 5,810 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
- 860 औद्योगिक इकाइयों को 725 करोड़ रुपये की निवेश प्रोत्साहन राशि का सिंगल क्लिक से वितरण
किया गया।
दुग्ध उत्पादन में ऐतिहासिक वृद्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड और सांची के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
दूध खरीद मूल्य में 2.50 रुपये से 8.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है।
प्रदेश में
- 1394 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन
- 661 निष्क्रिय समितियों को पुनः सक्रिय
- 22 दिसंबर 2025 को 12 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दुग्ध संकलन, जो पिछले वर्ष से 25% अधिक
हुआ है। सरकार का लक्ष्य 50 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दुग्ध संकलन और 26 हजार गांवों को दुग्ध सहकारिता से जोड़ना है।
नक्सल मुक्त मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि मार्च 2026 तक नक्सल उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए मध्यप्रदेश अब ‘नक्सल मुक्त राज्य’ बन चुका है।
वर्ष 2025 में
- 10 सशस्त्र नक्सली मारे गए
- 13 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
- जिन पर 1.46 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास हेतु 100 अति प्रभावित गांवों के लिए माइक्रो डेवलपमेंट प्लान तैयार किया गया है, वहीं युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बालाघाट में वृहद खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।







