Viral Newsक्राइममध्य प्रदेश

MP News: भाजपा नेता पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप, पीड़िता को दी धमकी, वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

सतना के रामपुरबघेलान में भाजपा नेता अशोक सिंह पर दुष्कर्म और धमकी देने का आरोप। पीड़िता का वीडियो वायरल, एसपी ने डीएसपी को सौंपी जांच।

सतना (MP News)।
मध्यप्रदेश के सतना जिले के रामपुरबघेलान क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा नेता पर चाकू की नोक पर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और पीड़िता को धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।

धमकी देते हुए वीडियो हुआ वायरल

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें आरोपी भाजपा नेता अशोक सिंह एक पुलिस अधिकारी को गाली देते हुए यह कहते नजर आ रहा है—
मेरा क्या होगा, कुछ नहीं होगा। जहां शिकायत कर ले, मेरा कुछ नहीं बिगड़ने वाला।

वीडियो में पीड़िता के रोने और सिसकने की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिसमें वह शिकायत करने की बात कह रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

आरोपी की पत्नी भाजपा पार्षद

जानकारी के अनुसार, आरोपी अशोक सिंह की पत्नी नगर पंचायत में भाजपा की पार्षद है, जिससे पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पीड़िता ने एसपी से की लिखित शिकायत

पीड़िता ने 22 दिसंबर को सतना एसपी हंसराज सिंह से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया कि करही (हनुमानगंज) निवासी अशोक सिंह करीब छह महीने पहले उसके घर में जबरन घुस आया था और चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

धमकी के चलते पीड़िता लंबे समय तक चुप रही, लेकिन 20 दिसंबर को आरोपी ने फिर संपर्क कर छेड़छाड़ की और दबाव बनाया, जिसके बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई।

आपराधिक प्रवृत्ति का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि अशोक सिंह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पूर्व में उसे जिला बदर भी किया जा चुका है।

डीएसपी को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच की जिम्मेदारी डीएसपी (मुख्यालय) मनोज त्रिवेदी को सौंपी है। डीएसपी मनोज त्रिवेदी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों एवं रिकॉर्ड की जांच के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!