Jabalpur Breaking News : मदन महल रेलवे स्टेशन में बड़ा हादसा, पटरियां पार करते समय 7 यात्री मालगाड़ी की चपेट में, डीआरएम मौके पर पहुंचे
जबलपुर के मदन महल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा। पटरियां पार करते समय 7 यात्री मालगाड़ी की चपेट में घायल। महिलाओं और बच्चों समेत सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डीआरएम मौके पर पहुंचे, जांच जारी।

जबलपुर। देर रात मदन महल रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया। पटरियां पार कर रहे यात्रियों का समूह अचानक आई तेज़ रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिसमें 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी यात्री प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्लेटफॉर्म नंबर 4 की ओर जा रहे थे और जल्दबाज़ी में सीधे पटरियां पार कर रहे थे। उसी दौरान डाउन ट्रैक पर अचानक मालगाड़ी आ गई।
अंधेरा, भीड़ और शोर की वजह से कई लोग ट्रेन को आते नहीं देख सके और हादसा हो गया।
कुछ यात्रियों ने बताया कि फुटओवर ब्रिज पर भी भारी भीड़ थी, जिसके कारण लोग शॉर्टकट लेते हुए सीधे पटरियों से गुजरने लगे। यही लापरवाही दुर्घटना का बड़ा कारण बनी।
रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम कमल कुमार तलरेजा तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक और प्लेटफॉर्म की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को तत्काल विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।
स्टेशन पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद मदन महल स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। कई ट्रेनें कुछ समय के लिए रोकी गईं।
आरपीएफ और जीआरपी टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और ट्रैक को खाली कराया।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है…







