दीपावली पर बसों में मनमानी नहीं चलेगी — परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मध्य प्रदेश परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने दीपावली से पहले बसों में मनमाना किराया वसूली रोकने, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई और परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश।

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने दीपावली पर्व के मद्देनज़र राज्य में परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला परिवहन अधिकारियों और परिवहन निरीक्षकों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में मंत्री सिंह ने त्योहारी सीजन में बसों में यात्रियों से नियत किराए से अधिक वसूली करने वाले बस मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन व्यवस्था पारदर्शी और सुरक्षित होनी चाहिए।

मंत्री ने दिए ये प्रमुख निर्देश:
- यात्री बसों की सघन जांच और निर्धारित किराए की वसूली की सुनिश्चितता
- सभी बसों में अग्निशमन उपकरणों की अनिवार्य उपलब्धता
- ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई
- केवल वैध परमिट वाली बसें ही संचालन में रहें
- HSRP (High Security Registration Plate) लगाने की प्रक्रिया को तेज किया जाए
- पुराने लंबित राजस्व की वसूली हेतु विशेष अभियान चलाया जाए
- प्रवर्तन कार्य के दौरान सभी अधिकारी वर्दी में रहें
- परिवहन कार्यालयों में आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए
- फेसलेस सेवाओं की जानकारी जनता तक पहुंचे
- जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समय सीमा में निराकरण किया जाए
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि —
“त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी बस संचालक किराया बढ़ाने या ओवरलोडिंग करने की कोशिश करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस बैठक में परिवहन सचिव मनीष सिंह, परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राज्यभर के जिला परिवहन अधिकारियों को विभागीय लक्ष्यों की समीक्षा एवं जनता से जुड़ी सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।







