तेंदूखेड़ा में मुख्य अभियंता का औचक निरीक्षण, बिजली व्यवस्था और राजस्व वसूली पर सख्त निर्देश
24 घंटे घरेलू और 10 घंटे कृषि फीडरों पर निर्बाध बिजली देने के निर्देश, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर दिया जोर

गाडरवारा। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के गाडरवारा संभाग अंतर्गत वितरण केंद्र तेंदूखेड़ा का गुरुवार को मुख्य अभियंता एस.के. गिरिया ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नरसिंहपुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता नीलाभ श्रीवास्तव, गाडरवारा संभाग के कार्यपालन अभियंता दिनेश पाल तथा एसटीएम संभाग नरसिंहपुर के कार्यपालन अभियंता प्रियंक दीपक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व वसूली लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश
मुख्य अभियंता ने वितरण केंद्र मुख्यालय बार एवं ग्राम बार की लंबित राजस्व बकाया राशि की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस माह निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य को हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बकाया वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
फीडरों की ट्रिपिंग पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत फीडरों की ट्रिपिंग की समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बनाया जाए।
नई योजनाओं और शिकायतों की भी समीक्षा
उन्होंने नए विद्युत सेवा कनेक्शन, पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति, 1912 हेल्पलाइन तथा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली देने पर जोर
मुख्य अभियंता एस.के. गिरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घरेलू फीडरों पर 24 घंटे तथा कृषि फीडरों पर 10 घंटे नियमानुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
मुख्य अभियंता ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि राजस्व वसूली, शिकायतों के निराकरण, बिजली आपूर्ति एवं अन्य कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि, बेहतर विद्युत व्यवस्था और विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।







