गाडरवारा नगर पालिका को मिली बड़ी सौगात, पांच बैटरी संचालित ई-कचरा संग्रहण वाहनों का लोकार्पण
गाडरवारा नगर पालिका को पांच नए बैटरी संचालित ई-कचरा संग्रहण वाहन मिले। परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस पर वाहनों का लोकार्पण किया। इससे ईंधन की बचत और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

गाडरवारा। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की दिशा में गाडरवारा नगर पालिका ने महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्र सरकार की ईंधन बचाने की मंशा तथा मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुरूप नगर पालिका द्वारा बैटरी से संचालित पांच ई-कचरा संग्रहण वाहन खरीदे गए हैं। इन आधुनिक वाहनों का उपयोग शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने फीता काटकर इन ई-कचरा संग्रहण वाहनों का लोकार्पण किया।
नगर पालिका अध्यक्ष पं. शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन में खरीदे गए ये बैटरी चालित वाहन नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेंगे। विशेष बात यह है कि ये वाहन पारंपरिक ईंधन से संचालित वाहनों की तुलना में पर्यावरण के अनुकूल हैं और इनके संचालन से पेट्रोल-डीजल की खपत में उल्लेखनीय कमी आएगी।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार शहर की संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी ये वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। इससे न केवल स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वैभव देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदगण, एई सत्यम जाट, जयंत ब्राउन, नगर पालिका के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







