पीएम श्री हाईस्कूल भटेरा में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप, सरपंच ने मांगी उच्चस्तरीय जांच
गाडरवारा के पीएम श्री हाईस्कूल भटेरा में निर्माण कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। सरपंच राजू लोधी ने 35.60 लाख रुपये के स्वीकृत कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

गाडरवारा। ग्राम पंचायत भटेरा के पीएम श्री हाईस्कूल में स्वीकृत निर्माण कार्यों को लेकर भ्रष्टाचार और शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत भटेरा के सरपंच राजू लोधी ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम भटेरा स्थित पीएम श्री हाईस्कूल में शासन द्वारा तीन निर्माण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई थी। इनमें शौचालय निर्माण के लिए 14.60 लाख रुपये, अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 16 लाख रुपये और खेल मैदान के लिए 5 लाख रुपये की राशि शामिल है।
तीन कार्य स्वीकृत, एक भी पूरा नहीं होने का आरोप
सरपंच राजू लोधी का आरोप है कि स्वीकृत निर्माण कार्यों में ठेकेदार अतुल गुबरेले द्वारा कथित रूप से अनियमितताएं बरती गईं और शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार के पिता ही विद्यालय के प्राचार्य हैं, जिसके चलते निर्माण कार्यों में कथित तौर पर मनमानी की गई।
सरपंच के अनुसार, हाईस्कूल भटेरा में स्वीकृत तीनों कार्यों में से एक भी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। उनका कहना है कि शौचालय एवं खेल मैदान का कार्य शुरू तक नहीं किया गया, जबकि अतिरिक्त कक्ष का निर्माण भी अधूरा पड़ा हुआ है।
इसके बावजूद निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की राशि आहरित किए जाने का आरोप सरपंच ने लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच एवं पुष्टि होना अभी बाकी है।
ग्राम सभा में भी उठी जांच की मांग
मामले को लेकर ग्राम पंचायत भटेरा में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में भी ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि और किए गए भुगतान की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग की है।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री को भी भेजा आवेदन
सरपंच राजू लोधी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री को भी आवेदन प्रेषित किया है। उन्होंने पीएम श्री हाईस्कूल भटेरा में स्वीकृत निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने, शासकीय राशि के उपयोग की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब इस मामले में प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा जांच कराए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्यों में वास्तव में कितनी अनियमितता हुई और शासकीय राशि के उपयोग में कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं।







