क्राइममध्य प्रदेश

नरसिंहपुर पुलिस का आधी रात बड़ा एक्शन: जुआ फड़ पर छापा, 12 आरोपी गिरफ्तार, 3 देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद

₹72,070 नकद, 11 वाहन और अवैध हथियार जब्त, कुल जब्ती करीब ₹50 लाख; फरार आरोपियों की तलाश जारी

नरसिंहपुर। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नरसिंहपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गोटेगांव पुलिस ने बुधवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर छापा मारा। इस कार्रवाई में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से ₹72,070 नकद, ताश के 52 पत्ते, 7 चार पहिया और 4 दो पहिया वाहन जब्त किए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 3 अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस द्वारा जब्त किए गए समस्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹50 लाख बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर बनाई गई विशेष रणनीति

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध कारोबार, जुआ-सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 जुलाई 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गोटेगांव निवासी सम्मान पटेल के घर पर कई लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना गोटेगांव की विशेष टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से देर रात दबिश दी गई।

पुलिस को देखते ही मची भगदड़

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ आरोपी अपने वाहन मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए, जबकि पुलिस ने 12 आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल हो रहे 52 ताश के पत्ते, ₹72,070 नकद तथा अन्य जुआ सामग्री बरामद की।

11 वाहन भी किए गए जब्त

जुआ फड़ पर पहुंचे अधिकांश आरोपी महंगी चार पहिया गाड़ियों से आए थे। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो, अर्टिगा, अल्टो, किया सहित कुल 7 चार पहिया वाहन तथा 4 दो पहिया वाहन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी वाहनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्ती में लिया गया है।

स्कॉर्पियो से निकले अवैध हथियार

दबिश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मौके पर खड़ी एक स्कॉर्पियो में अवैध हथियार रखे हुए हैं। जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस को उसमें से 3 अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद पुलिस ने तत्काल हथियार जब्त कर लिए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

करीब ₹50 लाख का मशरूका जब्त

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने नकदी, हथियार, कारतूस, चार पहिया एवं दो पहिया वाहन सहित करीब ₹50 लाख कीमत का मशरूका जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि यह जिले में हाल के समय की बड़ी कार्रवाई में से एक है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

कार्रवाई में पुलिस ने निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • राकेश गुप्ता (कटनी)
  • रमाकांत कौरव (गाडरवारा)
  • अनिल साहू (कटनी)
  • शेख इस्लाम (पाटन, जबलपुर)
  • महेंद्र पटेल (ठेमी, नरसिंहपुर)
  • राजेश वैष्णव (करकबेल)
  • शंभू ठाकुर (कटंगी, जबलपुर)
  • राजसिंह (पाटन, जबलपुर)
  • दीपक तिवारी (कटनी)
  • नीरज पटेल (गोटेगांव)
  • चंदन पटेल (गोटेगांव)
  • सम्मान पटेल (गोटेगांव)

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। उनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही जब्त हथियारों के स्रोत और इनके नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध पब्लिक गेम्बलिंग (मध्यप्रदेश) एक्ट की धारा 13 एवं आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी गोटेगांव निरीक्षक प्रदीप सराफ, उप निरीक्षक विजय द्विवेदी, ऋषिराज रजक, श्रीराम रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सचिन तिवारी, राजेश जाट, महेंद्र बसेडिया, रघुवीर सिंह, आरक्षक रामसमुझ यादव, संदीप, नितिन, विपिन दुबे, सोनम गुप्ता, अतुल तिवारी, प्रतीक, सुमित तथा चालक आरक्षक अमित नामदेव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!