मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, बोले- अब नहीं चलेगी अव्यवस्था; मूंग खरीदी, बिजली और भुगतान को लेकर सौंपा ज्ञापन

नरसिंहपुर में राष्ट्रवादी किसान आर्मी के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। मूंग खरीदी, 12 घंटे बिजली आपूर्ति, खाद-बीज वितरण और लंबित भुगतान की मांग उठाई।

संवाददाता अवधेश चौकसे

नरसिंहपुर। जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को राष्ट्रवादी किसान आर्मी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कृषि से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

ज्ञापन में किसानों ने प्रमुख रूप से जिले में उत्पादित मूंग फसल की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि समय पर और पूर्ण खरीदी नहीं हुई तो उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने की मांग

किसानों ने खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था जमीनी स्तर पर किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे खाद प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इस व्यवस्था को सरल बनाने या तत्काल समाप्त करने की मांग की।

सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली देने की मांग

ज्ञापन में किसानों ने सिंचाई कार्यों के लिए प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। किसानों का कहना है कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

खाद-बीज के लिए लगानी पड़ रही लंबी कतारें

किसानों ने बताया कि खाद एवं बीज प्राप्त करने के लिए उन्हें घंटों तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। भीषण गर्मी के बीच यह स्थिति किसानों के लिए बेहद परेशान करने वाली है। उन्होंने वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने की मांग की।

गिरदावरी त्रुटियां सुधारने और भुगतान जारी करने की मांग

ज्ञापन में गिरदावरी संबंधी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने तथा फसल पंजीयन प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने की मांग भी की गई। इसके अलावा किसानों ने गेहूं, चना और मसूर फसलों का लंबित भुगतान जल्द से जल्द जारी करने की मांग उठाई।

बढ़ती लागत से किसान परेशान

किसानों का कहना है कि भीषण गर्मी, महंगाई और बढ़ती कृषि लागत के कारण खेती करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में सरकार को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए त्वरित समाधान करना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान किसानों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, ताकि किसानों को राहत मिल सके और कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!