मध्य प्रदेशशिक्षा/नौकरी

खबर का असर: शासकीय महाविद्यालय सालीचौका में राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर नीतेश बड़ोले की नियुक्ति

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका, नरसिंहपुर। शासकीय महाविद्यालय सालीचौका के लिए एक सुखद और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) से चयनित असिस्टेंट प्रोफेसर नीतेश बड़ोले की नियुक्ति राजनीति विज्ञान विषय में महाविद्यालय सालीचौका में की गई है। जारी सूची में उनका नाम शामिल हो चुका है और संभावना है कि वे अगले एक-दो दिनों में महाविद्यालय में अपना पदभार ग्रहण कर लेंगे।

उल्लेखनीय है कि शासकीय महाविद्यालय सालीचौका में लंबे समय से प्राध्यापकों की कमी बनी हुई थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और शिक्षाविदों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में 28 अप्रैल को एक प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से भेंट कर महाविद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा था।

इसके बाद 1 मई को महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर समाचारों को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। अब उस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है। राजनीति विज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति को क्षेत्रवासी और छात्र-छात्राएं बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।

जानकारों का मानना है कि उच्च शिक्षा विभाग तक सालीचौका महाविद्यालय की समस्याएं प्रभावी ढंग से पहुंच चुकी हैं, जिसके चलते आगामी दिनों में विभिन्न विषयों के लिए भी लोक सेवा आयोग से चयनित अन्य सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होने की संभावना है।

महाविद्यालय में नए प्राध्यापक के आने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही अन्य रिक्त पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

स्थानीय नागरिकों ने उच्च शिक्षा मंत्री, विभागीय अधिकारियों एवं इस मुद्दे को लगातार उठाने वाले सभी सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!