सनसनी: पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर कराई पति की हत्या, 70 हजार की सुपारी देकर मारी गोली
इंदौर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई। 70 हजार की सुपारी देकर सिर में गोली मारी गई। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, मुख्य आरोपी फरार।

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
शराब पीने निकले पति की गोली मारकर हत्या
मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह राऊ इलाके में शराब पीने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसके सिर के पीछे सटाकर गोली मार दी।
गंभीर हालत में नवीन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को जांच में पता चला कि गोली गर्दन में फंसी हुई थी।
70 हजार रुपए में दी गई थी सुपारी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या के लिए करीब 70 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी। इस वारदात में देशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पत्नी और प्रेमी निकले मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी भारती पाटीदार और उसका प्रेमी राहुल उईके इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
3 शूटरों को दिया गया था काम
इस हत्या को अंजाम देने के लिए देवास निवासी मुकेश कुमावत को शामिल किया गया, जिसने श्रीराम और अजय को साथ जोड़ा। आरोपियों ने पहले नवीन की रेकी की और फिर सही मौके पर वारदात को अंजाम दिया।
पुरानी रंजिश भी बनी वजह
पुलिस के अनुसार, नवीन और राहुल पहले एक आपराधिक मामले में साथ थे। बाद में विवाद बढ़ गया और नवीन ने मुखबिर बनकर राहुल को पुलिस के हवाले कर दिया था। इसी दुश्मनी के चलते राहुल ने बदला लेने के लिए यह खौफनाक साजिश रची।
4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार पुलिस ने भारती पाटीदार, मुकेश कुमावत, श्रीराम और अजय को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी राहुल उईके अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।







