गाडरवारा में श्री विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा व महायज्ञ को लेकर प्रादेशिक बैठक सम्पन्न
गाडरवारा में श्री विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा, कथा व महायज्ञ को लेकर प्रादेशिक बैठक सम्पन्न। 18 से 25 अप्रैल 2026 तक होंगे धार्मिक आयोजन।

गाडरवारा। नगर के उत्सव भवन में आगामी 18 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले श्री विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा, श्री विश्वकर्मा कथा, श्रीराम कथा महायज्ञ एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर एक प्रादेशिक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक श्री विश्वकर्मा कथा वाचक परम श्रद्धेय श्री जयंती भाई शास्त्री जी के पावन सानिध्य में संपन्न हुई।
बैठक में मध्यप्रदेश सहित आसपास के राज्यों से विश्वकर्मा समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाजसेवी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसमें भोपाल, जबलपुर, इंदौर, डिंडोरी, सतना, मैहर, रायसेन, देवास, उज्जैन, बांदकपुर, छतरपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, सिवनी, गोटेगांव, सीहोर, ब्यावर, नरसिंहगढ़, बालाघाट, उदयपुर, देवरी, तेंदूखेड़ा, होशंगाबाद (नर्मदापुरम), पिपरिया, बनखेड़ी, सुहागपुर, सेमरी, नरसिंहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से समाजजन शामिल हुए। साथ ही छतरपुर-बांदकपुर विश्वकर्मा समाज गाडरवारा की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चाएं
बैठक के दौरान श्री विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन के लिए यजमानों का चयन किया गया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु अलग-अलग समितियों के गठन पर सहमति बनी।
कई वक्ताओं एवं समाजसेवियों ने आयोजन में सेवा देने हेतु अपने नाम दर्ज कराए, वहीं अनेक भक्तों ने तन, मन और धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया। समाजजनों ने इसे विश्वकर्मा समाज के लिए एक ऐतिहासिक एवं एकजुटता का अवसर बताया।
अधिक से अधिक समाजजनों तक आमंत्रण पहुंचाने की अपील
बैठक के अंत में आयोजक समिति द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही समाज के सभी सदस्यों से अपील की गई कि वे कथा श्रवण, महायज्ञ एवं परिचय सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में आमंत्रण पहुंचाएं।
जयघोष के साथ बैठक संपन्न
बैठक का समापन भगवान श्री विश्वकर्मा के जयघोष के साथ हुआ। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।







