थाना सोहागपुर में हरियाली अभियान: उषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस और संस्था ने किए पौधारोपण

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
सोहागपुर। थाना सोहागपुर परिसर में सोमवार को संचार संस्था पिपरिया और पुलिस स्टाफ ने मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। थाना प्रभारी उषा मरावी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और उनकी नियमित देखरेख का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत उषा मरावी ने की। उन्होंने कहा कि “पौधा लगाना सिर्फ शुरुआत है, असली जिम्मेदारी उसकी सुरक्षा और संवर्धन है।” उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम में संचार संस्था पिपरिया से मनजिंदर सिंह, ईश्वर सिंह राठौड़ और पप्पू राजपूत शामिल हुए। वहीं, थाना सोहागपुर से सहायक उप निरीक्षक गणेश राय, वरुण सिंह, प्रधान आरक्षक कृष्णकुमार, तथा कर्मचारी विनोद, अजय, संतोष, सुनील, अजमेर और मनोहर ने सहभागिता निभाई। सभी ने अपने-अपने हाथों से पौधे लगाकर परिसर को हराभरा बनाने का संकल्प लिया।
थाना परिसर में पूर्व में भी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पौधारोपण किया जाता रहा है। लगातार हो रहे इन प्रयासों से परिसर और आसपास का इलाका पहले से अधिक हरा-भरा दिखाई देने लगा है, जो पुलिस और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
संचार संस्था पिपरिया और थाना सोहागपुर का लक्ष्य है कि सरकारी और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, शांत और हरियाली से भरपूर बनाया जाए। संस्था और पुलिस ने कहा कि ऐसे पौधारोपण कार्यक्रम आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संदेश दिया कि—“पौधों की सुरक्षा ही धरती माँ की सच्ची सेवा है। हर पौधा हमारी आने वाली पीढ़ियों की सांसों का सहारा है।”







