क्राइममध्य प्रदेश

Narsinghpur: आँखों में मिर्ची झोंककर लूट करने वाले दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

नरसिंहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा गया मंगलसूत्र 100% बरामद

नरसिंहपुर। थाना स्टेशनगंज क्षेत्र में विवाह समारोह में जा रहे दंपत्ति के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर महिला का मंगलसूत्र लूटने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र (कीमत लगभग 1,20,000 रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 80,000 रुपये) जब्त कर ली है।

विवाह समारोह में जाते समय दिया वारदात को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम करहैया खेड़ा निवासी राजेश मेहरा दिनांक 13 फरवरी 2026 को अपनी पत्नी के साथ ग्राम खमरिया स्थित रिश्तेदार के यहाँ विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

रात्रि लगभग 9:30 बजे जब वे खमरिया के स्वागत द्वार के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। पीछे बैठे आरोपी ने अचानक दंपत्ति की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया, जिससे वे असहज हो गए। इसी दौरान आरोपियों ने झूमाझटकी कर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित हुई दो विशेष टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।

टीमों को तत्काल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

CCTV, तकनीकी साक्ष्य और घेराबंदी से मिली सफलता

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना स्थल के पास से ही अभिषेक सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोटेगांव में घेराबंदी कर दूसरे आरोपी यशवंत पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. यशवंत पटेल, निवासी पिपरिया, थाना गोटेगांव
  2. अभिषेक सिंह लोधी, निवासी सूरवारी, थाना ठेमी

100 प्रतिशत मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • सोने का मंगलसूत्र (कीमत लगभग 1,20,000 रुपये)
  • टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 80,000 रुपये)

बरामद कर लिया है।

वैधानिक कार्रवाई

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) एवं 3/5 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस त्वरित और सफल कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ पटैल, उप निरीक्षक राहुल सोनकर, उप निरीक्षक मुकेश बिसेन, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक बुधराम, आरक्षक लक्ष्मी नागपुर, दिलीप सिंह, नंदकिशोर, जितेन्द्र राणा एवं संतोष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!