Gadarwara News: देव श्री राधा कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी, 56 भोग लगाया
गाडरवारा के पटेल वार्ड स्थित देव श्री राधा कृष्ण भगवान कोरी समाज मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। भगवान का अभिषेक, विशेष श्रृंगार और 56 भोग लगाया गया।

गाडरवारा। स्थानीय पटेल वार्ड स्थित देव श्री राधा कृष्ण भगवान कोरी समाज मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
भगवान श्री राधा कृष्ण का हुआ भव्य अभिषेक
जन्माष्टमी महोत्सव की शुरुआत भगवान श्री राधा कृष्ण के भव्य अभिषेक के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का दुग्धाभिषेक किया गया और विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
अभिषेक और श्रृंगार के बाद भगवान श्री राधा कृष्ण को 56 भोग का महाप्रसाद अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
महा मंगल आरती में गूंजे जयकारे
देर रात भगवान श्री कृष्ण की महा मंगल आरती की गई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ भगवान श्री कृष्ण का गुणगान किया।
आरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।







