गैस सिलेंडर से हो रहा था तेज रिसाव, झाबुआ पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
झाबुआ के ग्राम चंपानेर में गैस सिलेंडर से हो रहे तेज रिसाव की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर बड़ा हादसा टाल दिया। एफआरवी टीम की सतर्कता और साहसिक प्रयास की लोगों ने सराहना की।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ। जिले के थांदला क्षेत्र में गैस सिलेंडर से हो रहे तेज रिसाव के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। समय रहते पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून 2026 को ग्राम चंपानेर, थाना थांदला चौकी खवासा क्षेत्र से डायल-100/112 पर गैस सिलेंडर से अत्यधिक गैस रिसाव होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना इवेंट क्रमांक POL07062602593 के माध्यम से एफआरवी-08 थाना पेटलावद को भेजी गई।

सूचना मिलते ही एफआरवी टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस ने फरियादी नरसिंह पिता कालू मुनिया से मोबाइल पर संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि उनके घर में रखे गैस सिलेंडर से लगातार गैस का तेज रिसाव हो रहा है। गैस फैलने के कारण आसपास के लोग भयभीत होकर अपने घरों से बाहर निकल आए थे और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का गंभीरता से जायजा लिया। घर के अंदर रखा सिलेंडर लगातार गैस छोड़ रहा था, जिससे किसी भी समय आग लगने या विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी।
ऐसी गंभीर परिस्थिति में एफआरवी के आरक्षक क्रमांक 215 रवि और पायलट रजनीश सिंगाड़ ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय दिया। दोनों पुलिसकर्मियों ने पूरी सावधानी बरतते हुए गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकालकर लगभग 200 फीट दूर खुले एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो गैस रिसाव के कारण बड़ा हादसा हो सकता था, जिससे जनहानि और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने झाबुआ पुलिस की तत्परता, साहस और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस टीम की मुस्तैदी के कारण एक बड़ा खतरा टल गया और कई परिवार सुरक्षित बच गए।
झाबुआ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस रिसाव जैसी किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत डायल-100/112 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।







