लात-घूंसों से पिटाई… मुंह पर किया पेशाब! कटनी में दलित युवक के साथ अमानवीय कृत्य, 4 पर FIR
Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी में दलित युवक के साथ मारपीट और मुंह पर पेशाब करने जैसी अमानवीय घटना। अवैध खनन का विरोध करने पर दबंगों ने हमला किया। पुलिस ने SC-ST एक्ट में केस दर्ज किया।

Katni News Today (कटनी न्यूज़) — मध्य प्रदेश के कटनी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां अवैध खनन का विरोध करने पर एक दलित युवक के साथ मारपीट और मुंह पर पेशाब करने जैसा अमानवीय व्यवहार किया गया। युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
अवैध खनन का विरोध बना हमले की वजह
घटना स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित दलित युवक ने बताया कि उसने अपने खेत के पास रमगढ़ा पहाड़ी पर सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध खनन का विरोध किया था।
आरोप है कि खनन कार्य कर रहे राम बिहारी हल्दकार ने युवक को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
घर लौटते वक्त किया गया हमला
पीड़ित के मुताबिक, जब वह अपनी मां के साथ घर लौट रहा था, तभी गांव के मुक्तिधाम के पास कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया।
इस दौरान सरपंच रामानुज पांडे, उनका बेटा पवन पांडे, भतीजा सतीश पांडे और कुछ अन्य लोगों ने युवक पर लात-घूंसों और रॉड से हमला किया।
“मुंह पर पेशाब किया” — पीड़ित का गंभीर आरोप
पीड़ित ने बताया कि पिटाई के दौरान सरपंच के बेटे पवन पांडे ने जमीन पर पड़े उसके मुंह पर पेशाब किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
जब उसकी मां बीच-बचाव करने आईं, तो उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई।
एसपी को सौंपा शिकायती आवेदन
पीड़ित युवक ने यह पूरी घटना कटनी एसपी को लिखित आवेदन देकर बताई।
आवेदन में उसने 13 अक्टूबर की शाम हुई मारपीट और अमानवीय व्यवहार का पूरा ब्यौरा दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरपंच ने आरोपों को बताया झूठा
इस मामले में सरपंच रामानुज पांडे ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
उनका कहना है कि न तो किसी के साथ मारपीट की गई और न ही पेशाब करने जैसा कोई कार्य हुआ।
सरपंच का दावा है कि “गांव में कोई अवैध खनन नहीं हो रहा, बल्कि पंचायत भवन के निर्माण कार्य के लिए मुरम की खुदाई की जा रही थी।”
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
कटनी के एएसपी डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मारपीट और SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है, और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के मुख्य बिंदु:
- कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र की घटना
- दलित युवक ने अवैध खनन का किया विरोध
- दबंगों ने युवक के साथ मारपीट की
- सरपंच के बेटे पर मुंह पर पेशाब करने का आरोप
- पुलिस ने 4 आरोपियों पर केस दर्ज किया







