संतोष वर्मा की अभद्र टिप्पणी के विरोध में ब्राह्मण समाज में उबाल, गाडरवारा में फूंका पुतला
गाडरवारा में ब्राह्मण समाज ने संतोष वर्मा की अभद्र टिप्पणी के विरोध में पुतला फूंका। समाज ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। पूरी खबर पढ़ें।

गाडरवारा। अजाक्स के नवीन अध्यक्ष संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण बेटियों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के बाद देशभर में ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में मंगलवार को गाडरवारा की पुरानी गल्ला मंडी में सर्व ब्राह्मण महासभा के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
सभा के दौरान समाजजन ने संतोष वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और प्रशासन से तुरंत कड़ी एवं सख़्त कार्रवाई करने की मांग की। ब्राह्मण समाज ने बताया कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की असंवैधानिक, असभ्य और समाज को आहत करने वाली टिप्पणी किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक दीनदयाल ढिमोले, गाडरवारा नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, सर्व ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ सदस्य, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में समाज की मातृशक्ति उपस्थित रही।
सर्व ब्राह्मण महासभा का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज किया जाएगा।







