लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश : उज्जैन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जबलपुर-दमोह-शाजापुर से सामने आए पीड़ित

जबलपुर। शादी के नाम पर ठगी करने वाली कुख्यात लुटेरी दुल्हन गैंग का उज्जैन पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। इस गिरोह की सरगना कृतिका जैन (28), उसकी बहन आयना जैन (22), चाची पुष्पा जैन (55) और तीन दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रदेशभर से ठगे गए कई परिवार सामने आने लगे हैं, जिनमें जबलपुर, दमोह और शाजापुर के पीड़ित शामिल हैं।
दमोह का मामला : आधार कार्ड और फोटो से रचा रिश्ता
दमोह के मूलचंद जैन ने उज्जैन और दमोह पुलिस को शिकायत दी कि उनके बेटे ऋषभ जैन से इस गैंग ने शादी के नाम पर लाखों की ठगी की।
- दलालों ने लड़की की फोटो और आधार कार्ड दिखाकर रिश्ता तय कराया।
- 11 जून 2025 को जबलपुर के एक होटल में सगाई हुई, जिसमें 50,000 रुपये नकद दिए गए।
- दो दिन बाद दमोह के एक होटल में शादी करवाई गई।
- शादी के बाद कृतिका दुल्हन बनकर ऋषभ के घर आई, लेकिन जल्द ही वह फरार होने की योजना बनाने लगी।
कुंडलपुर दर्शन के बहाने फरार
23 जून को कृतिका ने ऋषभ से कुंडलपुर दर्शन जाने की बात कही। उस समय ऋषभ के पास 6 लाख रुपये नकद थे और कृतिका ने करीब 5 तोला सोने के गहने पहन रखे थे। होटल में रूम बुक कराने गए ऋषभ ने वापस आकर देखा तो कृतिका कार समेत गायब हो चुकी थी।
रातों-रात मकान खाली कर भागी
शिकायत दर्ज कराने के बाद जब ऋषभ और उसका परिवार जबलपुर के संजीवनी नगर स्थित कृतिका के किराए के घर पहुंचे, तो मकान मालिक ने बताया कि वह रातों-रात सामान समेटकर मकान खाली कर चुकी है।
उज्जैन में ऐसे हुई गिरफ्तारी
हाल ही में उज्जैन पुलिस को एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के अपहरण और फिरौती का मामला मिला। कृतिका जैन ने ब्रोकर को मिलने के लिए बुलाया और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर लिया। गिरोह ने 50 लाख की फिरौती मांगी।
- पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर कार का पीछा किया।
- शाजापुर के पास ब्रोकर को छुड़ाया गया।
- इसी दौरान कृतिका जैन सहित 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
प्रदेशभर में फैला ठगी रैकेट
गिरफ्तारी के बाद जब तस्वीरें सार्वजनिक हुईं तो दमोह, जबलपुर और शाजापुर सहित कई जिलों के पीड़ित सामने आए। इनका कहना है कि यह कोई छोटा-मोटा गिरोह नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में फैला ठगी का बड़ा नेटवर्क है, जिसने अब तक कई परिवारों को लाखों का चूना लगाया है।







