युवक पर जानलेवा हमला: प्राइवेट पार्ट काटकर झाड़ियों में फेंका, ग्रामीणों ने डीएसपी को सौंपा ज्ञापन
गाडरवारा (नरसिंहपुर) में 25 वर्षीय युवक बसंत पाली पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। प्राइवेट पार्ट काटकर झाड़ियों में फेंका। ग्रामीणों ने डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की।

गाडरवारा (अब्दुल फिरोज खान बबलू)। एनटीपीसी पावर प्लांट मार्ग पर मंगलवार रात हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने 25 वर्षीय बसंत पाली पर निर्मम हमला कर उसके प्राइवेट पार्ट को काट दिया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में झाड़ियों में फेंक दिया। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे जबलपुर रेफर किया गया है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार बसंत पाली, जो डॉ. सिघई की मेडिकल शॉप में काम करता है, मंगलवार रात गाडरवारा से अपने ससुराल हीरापुर जा रहा था। रास्ते में एनटीपीसी रोड पर सुदरास पुल के पास एक हेलमेटधारी बाइक सवार ने उसे मदद के बहाने रोका। जैसे ही बसंत रुका, पीछे से एक फोरव्हीलर में सवार 10–12 बदमाश वहां पहुंचे और उसे झाड़ियों में घसीट ले गए।
बदमाशों ने बसंत के प्राइवेट पार्ट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से हमला किया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
होश में आकर दी सूचना
झाड़ियों में पड़े बसंत को कुछ समय बाद होश आया तो उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत गाडरवारा सिविल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का गुस्सा – डीएसपी को सौंपा ज्ञापन
घटना के बाद क्षेत्र में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिला। पाली समाज और ग्रामीणों ने गाडरवारा एसडीओपी/डीएसपी रत्नेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि यह वारदात जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। यदि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो समाज उग्र आंदोलन करेगा।
इसे भी पढ़े-गाडरवारा में जघन्य वारदात: युवक को झाड़ियों में ले जाकर प्राइवेट पार्ट काटा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नेता सुरेंद्र पटेल (मझले भैया), अमोल पाली, छोटे राजा कौरव, योगेंद्र कौरव, संतोष पाली, बबलू शर्मा, बलवंत पाली, मनोज शर्मा, नीतेश पाली, रविंद्र पाठक, अवधेश दुबे सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने बताया कि डोंगरगांव थाने में बीएनएस धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
क्षेत्र में दहशत और आक्रोश
इस निर्मम घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाए।







