मेहरागांव में डिजिटल लाइब्रेरी और स्वच्छ जल पायलट परियोजना का होगा शुभारंभ

मेहरागांव गाडरवारा। जनपद पंचायत साईखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मेहरागांव में 27 सितंबर शनिवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक डिजिटल लाइब्रेरी और सामुदायिक आर.ओ. (RO) वॉटर फिल्ट्रेशन यूनिट के तहत Protectol Health Initiative का भव्य शुभारंभ होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री राव उदयप्रताप सिंह करेंगे अतिथि के रूप में नरसिंहपुर-नर्मदापुरम लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी और राज्यसभा सांसद मुख्य अतिथि विवेक तन्खा उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्रीमती सुनीता पटेल, जनपद अध्यक्ष डॉ. छत्रपाल सिंह बुढयावत, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ऋचा स्थापक और जनपद सदस्य श्री अजीत पटेल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस अवसर पर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन ग्रामवासियों को शैक्षिक और साहित्यिक संसाधनों तक बेहतर पहुँच मुहैया कराएगा। इससे बच्चों, युवाओं और ग्रामीण विद्यार्थियों को अध्ययन, शोध और जानकारी के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, Protectol Water Initiative (PWI) के तहत आर.ओ. वाटर फिल्ट्रेशन और सॉफ्टनर यूनिट का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिससे ग्रामवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
ग्राम पंचायत मेहरागांव और सुकर्मा फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण समाज की सक्रिय भागीदारी और स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहल ग्रामीण युवाओं और बच्चों के लिए सीखने के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुधार में भी सहायक साबित होगी।
इसी क्रम में, सुकर्मा फाउंडेशन की पहल पैड वूमेन के अंतर्गत सुश्री माया विश्वकर्मा अमेरिका से रिटर्न होकर मेहरागांव की निर्विरोध महिला सरपंच बनी हैं। उनका निर्वाचित होना महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व की दिशा में एक प्रेरक कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे ग्राम की प्रगति और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाली एक सकारात्मक पहल करार दिया।
ग्रामवासियों और स्थानीय संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत करता है।







