भाई दूज पर मंडी में अनाज खरीदी का शुभारंभ, परंपरा और उत्साह का अनोखा संगम

गाडरवारा । नगर में भाई दूज के शुभ अवसर पर जवाहर कृषि उपज मंडी में परंपरा और उत्साह का नजारा देखने को मिला। गल्ला व्यापारियों ने विधिवत माता अन्नपूर्णा और धर्म कांटा की पूजा-अर्चना कर मुहूर्त के अनुसार अनाज की खरीदी प्रारंभिक की । मंडी परिसर में पंडित मोहन कृष्ण शास्त्री द्वारा व्यापारियों और मंडी प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। पूजा के बाद पटाखे जलाए गए और मिष्ठान का वितरण कर भाई दूज को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया । ग्रैंड मर्चेंट एसोसिएशन और अन्नपूर्णा व्यापारी संघ से जुड़े व्यापारियों ने पूजा के उपरांत व्यापार की शुरुआत की। उन्होंने किसानों का स्वागत कर उनके अनाज की खरीदी की।
मुहूर्त पर अनाज खरीदी के प्रमुख सौदे में चारगांव खुर्द के किसान दिलावर कौरव की धान ₹2801 में आदित्य भास्कर फर्म ने खरीदी।
सूखाखेरी के सौरव पटेल की तुअर ₹6851 में श्री राधा मिलिंग इंडस्ट्रीज ने खरीदी। दीनदयाल गाडरवारा की तुअर ₹6801 में सौरव पल्सेस द्वारा खरीदी गई।
हीरापुर के अनूप नेमा की सोयाबीन ₹4351 में योगेंद्र कुमार दिनेश कुमार गल्ला व्यापारी ने खरीदी। इस अवसर पर मंडी सचिव रामसेवक गुमास्ता की उपस्थिति में व्यापारियों और किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्यापारियों ने बताया कि दूज का यह मुहूर्त उनके लिए बेहद खास है। माता अन्नपूर्णा की पूजा कर उनका आशीर्वाद लेकर व्यापार की शुरुआत करना शुभ और समृद्धि लाने वाला माना जाता है।
इस आयोजन में गल्ला व्यापारी महेश मालपानी,योगेंद्र दिनेश मालपानी, कैलाश राय, प्रमोद चौकसे, उमेश हीराणी, अनुपम ढिमोले , राजीव गुप्ता, दीपक कौरव, प्रदीप चौहान, राहुल मालपानी, सौरव चौकसे,नवनीत दुबे,आशुतोष गुप्ता, सीताराम शर्मा, सुमेर कौरव, आयुष नीखरा, और कृषक राजेश गुर्जर*सहित मंडी प्रशासन और किसान बंधु उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल परंपरागत रीति-रिवाजों को निभाने का प्रतीक था, बल्कि व्यापारियों और किसानों के बीच आपसी सहयोग और समर्पण का अद्भुत उदाहरण भी रहा।







