गाली-गलौज के विवाद में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
शराब के नशे में शुरू हुआ झगड़ा बना जघन्य वारदात, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के ग्राम मनवाड़ा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी केवलराम कीर सहित उसके पांच साथियों को गिरफ्तार किया है। मृतकों की पहचान शुभम कीर (27) और करन कीर (25) के रूप में हुई है।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 17 दिसंबर 2025 की रात शुभम और करन कीर आरोपी केवलराम के घर पहुंचे थे। वहां सभी लोग शराब के नशे में थे। इसी दौरान गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
विवाद के दौरान केवलराम ने शुभम कीर के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वहीं करन कीर के साथ अन्य आरोपियों ने खेत में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की।
साजिश के तहत अलग-अलग जगह की हत्या
आरोपियों ने दोनों युवकों को एक ऑटो में डाला और साजिश के तहत अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उनकी हत्या कर दी।
- शुभम कीर को बागरा तवा के जंगल में ले जाकर धारदार हथियार बका से हत्या की गई।
- करन कीर को बेहोशी की हालत में सोहागपुर के पास बांसाखापा रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया गया, ताकि उसकी मौत को ट्रेन दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
रेत कंपनी पर आरोप लगाकर गुमराह करने की कोशिश
मुख्य आरोपी केवलराम ने खुद को बचाने के लिए मृतकों के परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने झूठी कहानी गढ़ी कि रेत कंपनी के कर्मचारियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की है।
इसी भ्रम में आकर कीर समाज ने तवा पुल पर चक्का जाम भी किया था। हालांकि, पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की तो केवलराम के बयान झूठे साबित हुए और सच्चाई सामने आ गई।
आपराधिक पृष्ठभूमि और बरामदगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी केवलराम कीर पहले भी एक तिहरे हत्याकांड में 20 साल की सजा काट चुका है। वहीं आरोपी दिनेश उर्फ दिन्नू भी हत्या के मामले में सजायाफ्ता है और वर्तमान में अपील पर बाहर था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
- हत्या में प्रयुक्त ऑटो
- बका (धारदार हथियार)
- डंडे
- 5 मोबाइल फोन
जब्त किए हैं।
हत्या के बाद मछली पार्टी
जांच में यह भी सामने आया है कि जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी सोहागपुर के एक ढाबे पर मछली पार्टी करते नजर आए थे।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
पुलिस अधीक्षक ने इस जघन्य दोहरे हत्याकांड का त्वरित और सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







